May 29, 2007

कुछ न लिखने से तो कविता लिखना ही अच्छा

NARAD:Hindi Blog Aggregator
पिछले कई दिनों से मैं देख रहा हूँ कि कुछ लोग ब्लोगों पर आने वाली कविताओं पर ज्यादा खुश नहीं होते उनको लगता है कि ऐसे लोग केवल जगह घेर रहे हैं। जैसे-जैसे ब्लोगों के संख्या बढ रही है वैसे वैसे कविताओं की रचनाएं में भी बढ़ना स्वाभाविक हैं । इस पर नाखुश होने की बजाय ऐसे कवियों को प्रोत्साहन ही दिया जाना चाहिए जो विपरीत हालतों में कुछ लिख तो रहे हैं, और हिंदी ब्लोग अभी अपने शैशव काल में है और उसे इस तरह की रचनाओं की आवश्यकता भी है । अभी तो कई लोगों को यही नहीं पता कि हिंदी में ब्लोग लिखे कैसे जा सकते हैं । मैं अपने आस-पास के लोगों को जब अपने ब्लोगों के बारे में बताता हूँ तो वह सुनते हैं पर उनके कोई ऎसी प्रतिक्रिया नहीं देते जिससे मेरा उत्साहवर्धन हो । स्थानीय पत्र-पत्रिकाओं में निरंतर मेरी रचनाएँ प्रकाशित होती रहती है और लोग जब मुझसे मिलते हैं तो उनकी प्रशंसा करते हैं। वह मेरे रचना पर मेरे सामने सकारात्मक और कुछ लोग नकारात्मक प्रतिक्रिया भी व्यक्त करते हैं। जितना पिछले तीन माह में जितना मैं इन ब्लोगों में लिख चुका हूँ उतना तो मैं दो साल में भी नहीं लिख पाता , पर नये शौक़ की वजह से यह कर पा रहा हूँ पर वास्तविकता यह है कि इसमें जितनी मेहनत है उतनी कोई करना नहीं चाहेगा । कोई आर्थिक फायदा न हो तो ऐसा मनोरंजन भी कौन चाहेगा ?

मेरे मित्र मुझसे हमेशा कहते हैं तुम तो कवितायेँ न लिखकर केवल व्यंग्य, कहानी और हास्य-व्यंग्य लिखा करो । मेरे एक मित्र है जो अक्सर मुझे मेरी गद्य रचनाओं पर दाद देते हैं पर जब कोई कविता छपती है तो उसकी चर्चा नहीं करते । एक बार मैंने उनसे पूछा था कि आप कभी मी कविताओं पर दाद नहीं देते क्या बात है?

तो वह मुझसे बोले कि -" तुम जो कवितायेँ लिखते है उनमें विषय अत्यंत गूढ़ होते है या एकदम हलके और उनका प्रस्तुतीकरण भी काव्यात्मक कम गद्यात्मक अधिक होता है और मुझे लगता है कि तुम मेहनत से बच रहे है और दूसरा यह कि इतनी गूढ़ बात पर मैं उससे ज्यादा पढना चाहता हूँ जितना आपने लिखा होता है, तुम्हारे गद्य रचनाओं का तो मैं प्रशंसक हूँ । "

उनकी बात सुनकर मैं हंस पडा तो वह बोले-'' मैं सच कहूं कि तुम गद्य ही लिखा करो, और लोग भी तुम्हें गद्य लेखक के रुप में ही देखना चाहते हैं। कविता तो कोई भी लिख सकता है ।"

कई पत्रिकाओं के संपादक भी मुझसे पद्य रचनाओं की बजाय गद्य रचनायें ही माँगते हैं। फिर भी मौका मिलते ही मैं कविता लिखने से बाज नहीं आता, क्योंकि कई बार कविता विषय कोई संजोये रखने के काम भी आती है। कई बार ऐसे अवसर आते हैं कि किसी घटना को देखकर कोई विचार पैदा होता है तो उस समय इतना समय नही होता कि या मन नहीं होता कि कोई गद्य रचना लिखी जाये तब कविता में उसे लिखकर संचित किया जाना भी कोई आसान कम नहीं है पर अगर उसमें दक्ष हैं तो गद्य लेखन भी आसान होता है ।

अभी मेरे इसी ब्लोग पर पिछली रचना "हाँ, मैं उसे जानता हूँ" मेरे पास रजिस्टर में पद्य के रुप में दर्ज थी और उसे मैं ब्लोग पर उसी रुप में लिखने वाला था पर मुझे लगा कि इसे थोडा विस्तृत ढंग से लिखने का प्रयास करना चाहिए, और तब मैंने यह महसूस किया कि अगर मैं उस समय इस पर कविता नहीं लिखता तो शायद इस गद्य के रुप में प्रस्तुत नहीं कर सकता था।जब मैंने युनिकोड में लिखने का प्रयास शुरू किया तो सबसे पहले कविताएं लिखीं थी और आज भी जब मैं वह पढता हूँ तो लगता है ब्लोग पर जो शुरूआत में कवितायेँ लिख रहे हैं उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिऐ-इस बात के लिए कि वह विपरीत परिस्थतियों में भी लिख रहे हैं । यह देश बहुत विशाल है उतना ही व्यापक हिंदी भाषा का प्रभाव है। हिंदी में लिखने वाले कई नए लेखकों तो यह पता ही नहीं है कि ब्लोग क्या चीज है और हिंदी के गोदरेज टाईप का उनका ज्ञान बहुत अच्छा है, अपने अनुभव से मैं यह जान गया हूँ कि उनके लिए युनिकोड में लिए एक नया अनुभव होगा और बिना किसी प्रोत्साहन के वह शायद ही इतनी मेहनत करने को तैयार हौं, खासतौर से जब इसमें किसी आर्थिक लाभ की कोई ज्यादा आशा तत्काल न हो।
अत: नए लोगों को उनके कविताओं पर भी दाद अवश्य दीं जानी चाहिए। जहाँ तक मेरी काव्य रचनाओं का सवाल है वह अपने विषयों को सजोये रखने के लिए करता ही रहूँगा । अभी मुझे समय लगेगा बड़ी रचनाओं को -जैसे कहानी व्यंग्य , और आलेख-प्रस्तुत करने में समय लगेगा क्योंकि वह एक बैठक में लिखे नहीं जा सकते , और उसे पहले लिखने से पहले कागज पर उतरना जरूरी होगा। मैंने अभी तक जो लिखा है वह सीधे कंप्युटर पर टाईप किया है और कभे स्वयं ही लगता है कि मैं इसे बेहतर करूं। यह तय है पहले कागज़ पर लिख कर उसे फिर कम्प्यूटर पर उतारने में मजा आयेगा। फिलहाल अपने हाथ को साफ करने के लिए कवितायेँ लिख रहा हूँ और चाहता हूँ कि जो नए लिखने वाले कवितायेँ लिख रहे हैं उन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए ।

May 26, 2007

हाँ, मैं उसे जानता हूँ

NARAD:Hindi Blog Aggregator
सुबह सायकल पर अपने काम पर निकल जाने वाला वह शख्स मुझे आज भी याद है। उसकी आय अच्छी थी पर घूमता वह सायकल पर ही था। गर्मी के दिनों में अपना मकान बनवा रहा था। पसीने -पसीने हो जाता था, लोग कहते भाई गाडी लो लो, वह सुनकर चुप हो जाता था। उसने अपना मकान भी बनवा लिया उसमें रहने भी आ गया और स्कूटर भी ले लिया पर फिर भी घूमता वह सायकिल पर ही था केवल छुट्टी के दिन ही वह अपने परिवार को घुमाने के लिए उसे चलाता था।

लोग कहते कि पैट्रोल के पैसे बचा रहा है वह फिर भी खामोश रहता । इसके पीछे उसके कोई अन्य मजबूरी नहीं थी, बस वह शराब पीता था और उसकी आय में या तो स्कूटर के लिए पैट्रोल आ सकता था या फिर दारू की बोतल। वह बहुत सोचता था कि दारू पीना छोड़ दे पर नहीं छोड़ पाता। सायकल पर जाता था , भीषण गर्मी में उसके शरीर से पसीना इतना निकलता की उसकी पैंट और कमीज से टपकने लगता था आँखों में सूनापन उसके शरीर में धड़कता ऐसा संवेदनहीन ह्रदय कि उसे अपनी शारीरिक और मानसिक तकलीफों को अनदेखा करने में भी संकोच नहीं था। अपने लिए उसने ऐसा रास्ता चुना था जो सिवाय तबाही के और कुछ नहीं देता।

वह लक्ष्यहीन चला जा रहा था, उसकी सोच और विचार......वह नहीं जानता था कि उसके मन में क्या चल रहा है, अपनी जिन्दगी को वह बिचारा तो बेमन से जीं रहा था । भला बिना मन भी जिया जा सकता है ? वह बिचारा नहीं जानता था। कितना क्रूर था , नशे में चूर था-अनचाहे वह अपने और परिवार के साथ क्रूरतापूर्ण बर्ताव कर रहा था । लोगों ने उसकी ख़ूब हंसी उडाई-उसके और उसके परिवार की भी । वह ऎसी आग में अपने को जला रहा था जो उसने खुद लगाई थी-वह जनता था कि व्यसन एक आग की तरह ही हैं जो इन्सान को जीते जीं नष्ट कर देते हैं । लोगों से बात करते वह कतराता था -वह अच्छी तरह जानता था कि उसके दिमाग की यह हालत शराब की वजह से हुई है।

रोज तय करता था कि आज नहीं पियेगा पर फिर शाम होते होते उसके दिमाग में पीने से पहले ही शराब का नशा चढ़ने लगता था , उसके कदम शराब की दुकान की तरफ बढ जाते थे , उसकी हालत यह हो गयी थी कि मई-जून की गर्मी के दिनों में भरी दोपहर में पीने लगा था । एकदम पक्का शराबी हो गया था । ग़ैर या अपने उस पर क्या यकीन करते वह खुद अपने पर यकीन नहीं करता था ।

अब कहाँ है वह। मैं उसे ढूँढ रहा हूँ, मुझे पता है वह अब कभी दिखाई नहीं देगा । क्या वह मर गया ? अगर मनुष्य की पहचान देह से है तो जवाब है "नहीं, वह अभी जिंदा है" ।

अगर बुध्दी, विचार और कर्म से है तो-" हाँ वह अब इस दुनियां में नहीं है ।"

वह कुछ कह रहा है मुझे सुनाई नहीं दे रहा, वह दिखता है पर मैं उसे देखना नहीं चाहता। वह मेरे मन को विचलित कर देता है, मेरी आँखें बंद होने लगती हैं , मैं बहुत भयभीत हो जाता हूँ । मगर वह मुस्कराता है , उसका आत्मविश्वास देखते हुए बनता है। उसके इशारे पर मेरी उंगलियां इस कम्प्यूटर पर नाचने लगती हैं और वह आत्मविश्वास से मुस्कराने लगता है । मैं उसकी आखों की चमक को नहीं देख पाता क्योंकि कभी मैंने उसकी आंखों में भयानक सूनापन देखा था-जो मुझे आज भी याद है और जब उसकी तरफ देखता हूँ तो मुझे वह याद आ जाता है और मैं पानी नज़रें फेर लेता हूँ ।

इससे भी ज्यादा भयानक था उसके विचारों और बुध्दी में सूनापन .....जो मुझे डरा देता था । बहुत लिख चुका उसके बारे में, एक शराबी के बारे में और क्या लिखा जा सकता है । हालांकि लिखने के लिए बहुत कुछ है , क्योंकि वही तो लिखवा रहा है यह सब।
मैंने उससे पूछा -"तुम यह तो बताओ तुम शराब क्यों पीते थे ?"

मैंने अपना प्रश्न टाईप कर इधर-उधर देखा। वह वहाँ नहीं था। वह मुझे अब नहीं दिखता पर मेरे साथ ही रहता है। जब सामने आता है तो... ...वह अब भी बिचारा लगता है पर लगता है वह कुछ सोचता है । उसकी आँखें चमकते लगती हैं पर मैं उन्हें नही देखा पाता । किसी शीशे में अपने बाह्य रुप को देखना आसान है पर क्या ऐसा आइना है जिसमे अपने आन्तरिक रुप को देखा जा सकता है। मेरे पास वह भी है पर मैं उस शराबी को उसमें नहीं देखना चाहता। वह डरपोक है , बहुत बोलता है, ज्ञान बघारता है पर जब पूछते हूँ कि-" तुम शराब क्यों पीते थे?" तो दुम भागकर भाग जाता है।

मैं सोचता हूँ कि मुझे ऐसा प्रश्न नहीं करना चाहिए । आख़िर वह एक शराबी था और मैं उसे जानता था फिर उसे पूछकर परेशान नहीं करना चाहिऐ । हो सकता है कि वह बिचारा.........इस प्रश्न का उत्तर खुद नही जानता हो । मैंने देखा जैसे ही यह रचना लिख चुका वह कहीं मेरे आसपास मंडरा रहा है, मैं उसे देखना चाहता हूँ पर कुदरत ने कोई ऎसी चीज ही नहीं बनाए जो आदमी अपने सामने बैठाकर खुद को देख सके । अगर आप मुझे कांच देखने को कहेंगे तो यकीन करें वह इसमे मेरी मदद नही कर सकता ।

May 25, 2007

चलना नाम है ज़िन्दगी का

NARAD:Hindi Blog Aggregator
थका हुआ शरीर उदास मन
सूनी आँखें और कांपती जुबान
पूछते है पता वह सुख और ख़ुशी का
ओढ़े हैं लिबास स्वार्थों का
बैठने और सोने को माना है आराम
हवा में उड़ने की चाह
एक-एक कदम चलना
प्रतीक माना बेबसी का
आकाश की तरफ देख उसे छूने की चाह
जिस पर सदा जीवन टिका है
यकीन नहीं उस जमीन का
भ्रम में जिए जा रहे हैं
सुख के लिए दुःख के
रास्ते जा रहे हैं
क्षय करते हैं बदन का
पर ठानी है जिसने
एक-एक कदम
जीवन-पथ पर आगे बढाने की
अपने हाथ से युध्द लड़ने की
सोने की तरह निखरने के लिए
अपने उर्जा से उत्पन्न
अग्नी में जलने की
चहकता है उसका मन
तना रहता है बदन
बनता है घर ख़ुशी का
उनके क़दमों पर सुख और आनन्द
बिछ्ता है कालीन की तरह
वह नहीं थामते कभी दामन
बेबसी का
उनके लिए
चलना नाम है जिन्दगी का
-----------------

May 24, 2007

झूठी शान की खातिर

NARAD:Hindi Blog Aggregator
रुप रचाएं साधू का
चाल, चरित्र और चाहत असाधु की
यज्ञ करें राष्ट्र के कल्याण के लिए
मूहं मैं राम, बगल में छुरी
बगला भगत पर टिकी धर्म की धुरी
कौन किसको साधे
कौन किससे सधे
सबने निज स्वार्थ ओढ़ लिए
माया के अँधेरे में भटक रहे हैं
एअर कन्डीशन कमरे में सांस ले रहे हैं
भ्रम,भय और भ्रष्टाचार का अँधेरा फैलाकर
लोगों को रोशनी के अहसास बैच रहे हैं
खालीपन है सबकी आँखों में
इन्सान तरस रहा है
इन्सान देखने के लिए
कहीं समंदर का पानी मीठा बताएं
कभी भगवान को दूध पिलायें
कही मूर्ती के आंसू टपक्वायें
इंसानियत और ईमान ढूंढते थक गये
किसी इन्सान में देखने के लिए
कौन कहता है कि
मजहब नहीं सिखाता बैर रखना
दुनियां में हर जंग पर
धर्म-मजहब का नाम है
इंसानों के बीच खडी है दीवार
इनके नाम पर
सब लड़ रहे है अपने -अपने
पंथ के गौरव के लिए
बनाया था इश्वर ने
इन्सान को आजादी से
जीने के लिए
उसने स्वर्ग के मोह में
अपने को गुलाम बना लिया
जात , भाषा और धर्म की
झूठी शान की खातिर लड़ने के लिए
---------------------

May 23, 2007

सागर की तरह होता है मन

NARAD:Hindi Blog Aggregator
सागर की तरह मन है मेरा
जब भी लहरों से खेलता है
कुछ शेर ही जुबान से
कहला कर दम लेता है
मैं भी उसे नहीं रोक पाता
बहने देता हूँ उसके भावों को
दिमाग मेरा किनारा कर लेता है
मैं जानता हूँ कि मन चंचल होता है
शेरों से अठखेलियां करता है
तो क्या बुरा करता है
बस चन्द अल्फाजों की
ख़ुराक ही तो लेता है
मैं उसे तड़पाऊंगा
वह मुझे भटकाएगा
मैं शेर नहीं लिखूंगा
वह व्यसनों की तरफ भगाएगा
मैं मन को काबू में रखने की बात
कभी नहीं मानता
दिमाग से उसकी दिशा तय
करना संभव है
पर मन को मारकर भला
कौन जीवन जीं लेता है
------------------
सब कुछ पाकर भी मन
खुश क्यों नहीं होता
हर पल भटकाए जाता है
दौलत और शौहरत के
हिमालय पर पहुंचकर भी
उसे चेन क्यों नहीं आता है
वह उदास क्यों हो जाता है
कुछ सवाल उससे करो
कुछ करो अपने से
उत्तरों में ही रास्ता नज़र आता है
जब तुम स्वार्थ पूरा करते हो
वह परमार्थ चाहता है
जब तुम दुश्मन बनाते हो ज़माने को
वह दोस्त बनाना चाहता है
वह तड़पता है तुमसे बात करने को
तुम उसे अपनी ख्वाहिशों से ढक लेते हो
और वह उदास हो जाता है

May 19, 2007

अपने आंसू धीरे-धीरे बहाओ

NARAD:Hindi Blog Aggregatorशिष्य के हाथ से हुई पिटाई
गुरुजी को मलाल हो गया
जिसको पढ़ाया था दिल से
वह यमराज का दलाल हो गया
गुरुजी को मरते देख
हैरान क्यों हैं लोग
गुरू दक्षिणा के रुप में
लात-घूसों की बरसात होते देख
परेशान क्यों है लोग
यह होना था
आगे भी होगा
चाहत थी फल की बोया बबूल
अब वह पेड युवा हो गया
राम को पूजा दिल से
मंदिर बहुत बनाए
पर कभी दिल में बसाया नहीं
कृष्ण भक्ती की
पर उसे फिर ढूँढा नहीं
गांधी की मूर्ती पर चढाते रहे माला
पर चरित्र अंग्रेजों का
हमारा आदर्श हो गया
कदम-कदम पर रावण है
सीता के हर पग पर है
मृग मारीचिका के रूपमें
स्वर्ण मयी लंका उसे लुभाती है
अब कोई स्त्री हरी नहीं जाती
ख़ुशी से वहां जाती है
सोने का मृग उसका उसका हीरो हो गया
जहाँ देखे कंस बैठा है
अब कोइ नहीं चाहता कान्हा का जन्म
कंस अब उनका इष्ट हो गया
रिश्तों को तोलते रूपये के मोल
ईमान और इंसानियत की
सब तारीफ करते हैं
पर उस राह पर चलने से डरते हैं
बैईमानी और हैवानियत दिखाने का
कोई अवसर नहीं छोड़ते लोग
आदमी ही अब आदमखोर हो गया
घर के चिराग से नहीं लगती आग
हर आदमी शार्ट सर्किट हो गया
किसी अवतार के इन्तजार में हैं सब
जब होगा उसकी फ़ौज के
ईमानदार सिपाही बन जायेंगे
पर तब तक पाप से नाता निभाएंगे
धीरे धीरे ख़ून के आंसू बहाओ
जल्दी में सब न गंवाओ
अभी और भी मौक़े आएंगे
धरती के कण-कण में
घोर कलियुग जो हो गया

May 17, 2007

जब सब्जी खरीदने में कला की जरूरत नहीं होगी

NARAD:Hindi Blog Aggregator
रांची और इन्दौर में सब्जी के फूटकर व्यापारियों द्वारा द्वारा रिलायंस और सुभीक्षा के कंपनियों के व्यापार में प्रवेश का जमकर विरोध किया जा रहा है। ऐसा लगता है कि विश्व बाजार में आ रहे परिवर्तनों का भारत के परंपरागत व्यापार पर प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है , हालांकि इन दोनो जगह हो रहे प्रदर्शनों में वहां के स्थानीय कारण ही जिम्मेदार लगते हैं , और इन दोनों कंपनियों के सब्जी के फूटकर व्यापार में प्रवेश से कोई ज्यादा भूचाल आने वाला है इसकी कोई अभी निकट भविष्य में संभावना भी नहीं लगती।

देश में मौजूद कुछ मॉल में यह काम पहले ही शुरू हो चुका है और कहीं से किसी प्रकार के विरोध की खबर नहीं थी , और अचानक इस तरह विरोध शुरू होने के पीछे कोई राजनीतिक या स्थानीय व्यवसायिक कारण होने की संभावना इसी लिए भी हो सकती है क्योंकि जिन इलाकों में यह मॉल हैं या तो पोश इलाक़े हैं या नगरों के मध्य में स्थित हैं , और वहां से कुछ लोगों को ज्यादा फायदा है और वह इसे गवाना नहीं चाहते । भारत में जितने भी महानगर और नगर हैं वहां सब्जी मंडियां है और शायद ही कोई ऐसा शहर हो जहाँ कोई इलाका सब्जी मंडी के रुप में नहीं जाना जाता हो।खेरीज सब्जी व्यापार और उत्पादन में करोड़ों लोगों लगे हैं और एक अरब दस करोड़ की आबादी वाले इस देश में कोई एक कंपनी इसका व्यापार करने का सामर्थ्य नहीं रखती । परंपरागत खैरिज सब्जी व्यापार के मूल स्वरूप में बदलाव आने में अभी कयी बरस लग जायेंगे । हाँ अगर यह कंपनिया जब पूरे सामर्थ्य सा काम करेंगी तो उन इलाकों और उपभोक्ताओं की रुचियों पर नियत्रण कर सकती हैं जो नए और धनाढ्य प्रवृति के हैं। अभी इन इलाकों पर रैहडी वालों का एक छत्र नियंत्रण है और एक तरह से माने तो यह भारत के परंपरागत खैरिज व्यापार का ही नया रुप हैं जो शहरों के ब्रह्द रुप लेने की साथ ही पनपा है , जब शहर छोटे थे तो लोग पैदल ही मंडी की तरफ निकलकर अपना सामान ले आते थे। अब जब सभी जगह कालोनियां बन गयी हैं तो रेह्डी वालों को भी वहाँ सब्जी बेचकर रोजगार प्राप्त करने का अवसर मिल गया। अब इन कंपनियों के आने से उन्हें एक ऎसी चुनौती का सामना उन्हें करना होगा जिसके लिए वह तैयार नहीं है,और इस तरह प्रदर्शन कर रहे हैं। हालांकि इसके लिए कोई वह उचित कारण नहीं बता सकते क्योंकि यहां सभी को व्यापार करने का अधिकार प्राप्त है वह चाहे कोई कंपनी क्यों न हो।दरअसल अब उनके सामने अपने व्यवसाय को विश्वसनीय बनाने के चुनौती आने वाली है। अभी तक उन्होने अपना व्यवसाय किया पर आम उपभोक्ता कभी उनसे सन्तुष्ट नहीं रहा और कम तोलना और अधिक भाव बताने की आदत ने समाज में ऎसी हालत बना दीं कि आज सब्जी बेचना नहीं बल्कि खरीदना एक कला माना जाता है। इस मामले में मुझे हमेशा परिवार में फिसड्डी माना जाता है, पहले पिताजी कहते थे कि"-तुझे कभी सब्जी खरीदने के अकल नहीं आयेगी। "और अब यही ताने हमारी श्रीमती देतीं है कि आपको तो कभी सब्जी लेना नहीं आयेगी ।

रविवार को सत्संग के बाद हम दोनों एक सप्ताह की सब्जी खरीने मंडी जाते है। मैं स्कूटर बाहर खड़ा कर किराने का सामान खरीदने बाजार चला जाता हूँ हमारी श्रीमती सब्जी वालों से झिकझिक कर अपनी खरीद कर आती हैं और मैं बाजार से लौटता हू फिर दौनों घर आते हैं। वह इन सब्जी वालों की ख़ूब शिक़ायत करती हैं-हालांकि कुछ सब्जी वालों को वह ईमानदार भी मानती है और जो सब्जी उनसे मिलती है उसे खरीदकर ही दूसरी सब्जी उन लोगों से खरीद्ती हैं जिन पर उनका यकीन कम है। इस क्रम में एक वाक़या मुझे याद है जो सब्जी व्यापार के खेरीज विक्रीताओं के लिए एक सबक है। हुआ यह कि एक बार नाप्तोल वालों ने रविवार को मंडी के बाहर अपना शिविर लगाया , उस दिन सभी सब्जी वालों ने दाम बड़ा दिया और तर्क दिया कि आज हम पूरी तरह से सही तौल दे रहे है क्योंकि बाहर नाप्तोल वाले बैठे हैं कहीं फंस न जाये इसीलिये दाम कम नहीं करेंगे और न कम तौलेंगे -अगर कहें कि आज कम तौलने का अवसर नहीं है अत: अपने पूरे दाम लेंगे। उस समय हमारी श्रीमतीजी की टिप्पणी थी कि काश यह नापतौल वाले हर रविवार को आयें ताकी मैं इस झिकझिक से बच सकूं। कालोनी में आने वाले ठेले वालों से वह एकदम नाखुश रहती है और कहती हैं कि नाप में कम भाव में ज्यादा केमामले में तो वह मंडी वालों से भी आगे हैं -हालांकि उनका मानना है सब ऐसे नहीं है पर जो लोग सही हैं उनके लिए भी कम मुसीबत नहीं है लोग उनके एकदम उचित दाम और सही नापतौल का सम्मान नहीं करते।

मैं अपने लिए फल लाता हूँ तो वह उनमें उनके खराब, कच्चा और वजन में कम होने की बात जरूर करती हैं और दाम के बारे में तो यही कहती हैं कि महंगा है और वैसे भी तुम कहाँ कम करने के लिए कहते हो।मॉल के मामले में भी उनका कहना है वहां सब्जियाँ रखी हुयी मिलती है। मतलब वह अभी भी वह उसी ढंग से सब्जी खरीदने के लिए तैयार है जैसे अभी तक कर रहीं थीं। जबकि मैं सोच रहा था कि अब सब्जी खरीने में किसी कला की जरूरात नहीं पडेगी। कुल मिलाकर निष्कर्ष यह है शोर ज्यादा है और तथ्य कम है कि कंपनियों के कारोबार से सब्जी बेचने वाले बेरोजगार हो जायेंगे। अभी बाज़ार बहुत बड़ा है और परंपरागत उपभोक्ता भी बहुत हैंजो शायद इन उंचे शोरूम की तरफ बरसों तक मुहँ उठाकर भी न देखें । हाँ , वह उपभोक्ता उनके पास जाएगा जो सब्जी खरीदने की कला में दक्ष नहीं है-हालांकि उनमें भी बहुत से लोग वहाँ नहीं जाएंगे